आज़मगढ़ : प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, साथी घायल

Youth India Times
By -
0




बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर घटना को दिया अंजाम

घायल पूर्व में लड़ चुका है जिला पंचायत सदस्य का चुनाव
आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र के ग्राम रानीपुर में बुधवार देर रात चार पहिया वाहन सवार दो व्यक्तियों पर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। घटना में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार सुशील कुमार उम्र 24 वर्ष पुत्र संतराज राम निवासी कोढ़वा थाना जहानागंज बुधवार की रात करीब 12:00 बजे अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर के साथ कार में बैठकर रानीपुर गांव में एक भंडारे में शामिल होने जा रहा था, इस दौरान मोटरसाइकिल से आए बदमाशों ने कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिससे सुशील कुमार और उमाशंकर गोली लगने से घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल उमाशंकर का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल दूसरे व्यक्ति से घटना के संबंध में पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर गहन जांच की जा रही है तथा वैधानिक कार्रवाई जारी है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुशील कुमार प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था, अपने पुराने साथियों को छोड़कर वह अन्य लोग साथ काम करना शुरू कर दिया था, जिसके चलते इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। घायल उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुका है। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)