आजमगढ़: महिला की गला रेतकर हत्या करने वाली अभियुक्ता गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0











अकेली महिला के घर घुसकर चोरी की कोशिश, विरोध पर जघन्य वारदात को दिया अंजाम

आजमगढ़। जनपद के थाना बरदह क्षेत्र में चोरी की नीयत से घर में घुसी एक 22 वर्षीय महिला ने विरोध करने पर गृहिणी अकबरी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। घटना दिनांक 20 अगस्त 2026 की है। मुस्तफा पुत्र स्वर्गीय मुख्तार निवासी ग्राम करिया गोपालपुर, थाना देवगांव ने थाना बरदह पर सूचना दी कि उनकी पुत्री अकबरी की शादी ग्राम बरदह में हुई थी। अकबरी अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थीं, जबकि उनके पति ताहिर और बड़ा पुत्र समीर मुंबई में रहते हैं। लगभग दोपहर दो बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि अकबरी की मृत्यु हो गई है। मौके पर पहुंचे तो अकबरी मृत अवस्था में मिलीं। प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। इस आधार पर थाना बरदह पर मुकदमा संख्या 289/2026 धारा 103(1)/333 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना प्रभारी को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में 22 अगस्त को थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार को सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित एक संदिग्ध 22 वर्षीय महिला ग्राम बरदह निवासी अपने घर पर मौजूद है और उसका मृतका अकबरी के घर लगातार आना-जाना था। पुलिस टीम ने उसे पूछताछ के लिए थाना लाया। पूछताछ के दौरान बयानों में विरोधाभास और संदिग्ध व्यवहार पाए जाने पर गहन पूछताछ की गई। अभियुक्ता ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसका अकबरी के घर आना-जाना था। उसे पता था कि अकबरी अपना पैसा बेड के नीचे रखती हैं। अकबरी के पति-पुत्र बाहर रहने और अन्य बच्चे स्कूल चले जाने के कारण वह कई बार घर पर अकेली रहती थीं। 20 अगस्त को अभियुक्ता चोरी की नीयत से घर पहुंची और कमरे से रुपये चुराने लगी। तभी अकबरी छत से कमरे में आ गईं और उन्हें चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गईं। पकड़े जाने के डर से अभियुक्ता ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और मौके से भाग गई। उसने चाकू को अपने घर के पास करकट में छिपा दिया। अभियुक्ता बबीता पुत्री जय प्रकाश गोंड, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी ग्राम बरदह, थाना बरदह को 22 अगस्त को लगभग शाम 7:15 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी वेद व्यास तिवारी, आरक्षिका अंकिता सिंह और आरक्षिका बीनू सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता अकेलेपन का फायदा उठाकर चोरी करने पहुंची थी और विरोध करने पर जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)