आजमगढ़ : 50 हजार का इनामिया गैंगस्टर गुल्लू गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

दुकान से CCTV कैमरा व जेवरात चोरी, बोलेरो चोरी के प्रयास और पुलिस टीम पर फायरिंग समेत 20 मुकदमों में है आरोपी

आजमगढ़। देवगांव थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल और स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त चोरी, लूट, गोवध, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के अलग-अलग थानों में कुल 20 अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 6 अक्तूबर को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित फैजान उर्फ गुल्लू गोसाईगंज-जिबली मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने दादा चौक/ग्राम चौकी मोड़ से करीब 150 मीटर दूर घेराबंदी की। सुबह करीब 11:10 बजे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार फैजान अपने साथियों के साथ 9/10 जनवरी 2024 की रात कंजहिता बाजार स्थित एक दुकान में लगा CCTV कैमरा और जेवरात चोरी करने की घटना में शामिल रहा। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 9 जनवरी 2024 को बोलेरो वाहन संख्या UP62 AV3931 चोरी करने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। पुलिस का कहना है कि 21 जनवरी 2024 को अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में भी देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। फैजान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 8 सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार फरार रहने पर डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 16 सितंबर को इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी। गिरफ्तार अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू पुत्र कयूम ग्राम बक्सपुर, थाना बरदह, आजमगढ़ का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 तक आजमगढ़ के बरदह, देवगांव, फूलपुर, सिधारी, रानी की सराय, मेहनगर और सरायमीर थानों के अलावा जौनपुर के केराकत व खेतासराय थानों में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में देवगांव थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, कांस्टेबल तेजस शुक्ला तथा सर्विलांस सेल/स्वाट टीम के मु0आ0 संजय सिंह, अखिलेश चौधरी और उपेन्द्र सिंह चन्देल शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)