दर्जनों दुकानें, ठेला और टेंपो क्षतिग्रस्त, बिजली आपूर्ति भी प्रभावित
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के सराय सागर मालटारी बाजार में मंगलवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ा पीपल का पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन घंटों बाधित रहा। हादसे में आसपास की कई दुकानें, ठेले और टेंपो क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को तेज हवा और बारिश के बीच मालटारी बाजार में मुख्य मार्ग पर अचानक पीपल का पेड़ गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे स्थित दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पेड़ गिरने से विद्युत लाइन भी प्रभावित हो गई, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मुख्य सड़क पर पेड़ पड़ा होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक सड़क से पेड़ नहीं हटाए जाने के कारण यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ गिरने से कई दुकानदारों और ठेला संचालकों को आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द पेड़ हटवाने के साथ विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
