सपा ने बदले विधान परिषद चुनाव के दो प्रत्याशी

Youth India Times
By -
0

पहले शशांक यादव और कमलेश यादव थे उम्मीदवार, अब....इनको, एक भाजपा का

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव को लेकर अपने दो प्रत्याशियों में बदलाव किया है। पार्टी ने आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके साथ ही दोनों सीटों पर सपा के पहले घोषित उम्मीदवारों को बदल दिया गया है। इससे पहले आगरा खंड स्नातक सीट से शशांक यादव और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कमलेश यादव को सपा ने प्रत्याशी बनाया था। अब दोनों की जगह नए उम्मीदवार मैदान में होंगे। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर डॉ. संजयन त्रिपाठी की उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संजयन त्रिपाठी इससे पहले भाजपा से टिकट के दावेदार थे। भाजपा ने इस सीट से मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। टिकट नहीं मिलने के बाद संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था और 2 अक्टूबर को अपना नामांकन भी दाखिल किया था। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2024 में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ने भाजपा को हराया है और इस बार पीडीए की ताकत के सामने भाजपा नहीं टिक पाएगी। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए प्रेम, दया और अपनापन की भावना पर आधारित है तथा पार्टी हर दुखी, पीड़ित और अपमानित व्यक्ति के साथ खड़ी है। अखिलेश यादव ने बेरोजगारी और रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी और जेन-जी के सामने नौकरी और रोजगार की समस्या है तथा बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि नई पीढ़ी भाजपा से नाराज है और कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)