आजमगढ़ : पासपोर्ट सत्यापन में रिश्वत मांगने के आरोप में दरोगा निलंबित

Youth India Times
By -
0









एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के दिए आदेश
आजमगढ़। पासपोर्ट सत्यापन से संबंधित जांच में रिपोर्ट लगाने के एवज में अप्रत्यक्ष रूप से उत्कोच की मांग करने और कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में थाना निजामाबाद में तैनात उप निरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक के विरुद्ध पासपोर्ट सत्यापन के दौरान रिपोर्ट लगाने के एवज में अप्रत्यक्ष रूप से रिश्वत मांगने, आमजन में पुलिस की छवि धूमिल करने तथा पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता के गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए थे। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने 16 अगस्त 2026 को उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा स्वेच्छाचारिता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)