प्रार्थना सभा को लेकर आमने-सामने आए दावे, पुलिस ने शुरू की पूछताछ
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में रविवार को कथित धर्मांतरण की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां चल रही प्रार्थना सभा में शामिल सात महिलाओं व तीन पुरुषों समेत 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। देर शाम तक मामले में पुलिस को किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली थी। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे नरहन खास गांव में प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण कराए जाने की सूचना मिली। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता और रजादेपुर मठ के महंत शिवसागर भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभा को लेकर आपत्ति जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ईमिलिया चौकी प्रभारी अमित तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की और सात महिलाओं तथा तीन पुरुषों को हिरासत में लेकर जीयनपुर कोतवाली पहुंचाया। पुलिस सभी से पूछताछ कर सभा के आयोजन और लगाए गए आरोपों की जांच में जुटी रही। हिरासत में लिए गए लोगों में मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद निवासी शोनू कुमार भी शामिल है। उसकी ससुराल नरहन खास गांव में बताई जा रही है। कुछ लोगों ने शोनू कुमार पर पादरी होने का आरोप लगाया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। इधर, शाम तक जीयनपुर कोतवाली पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। एक पक्ष का आरोप था कि वहां धर्मांतरण कराया जा रहा था, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने इसे सामान्य प्रार्थना सभा बताया। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीयनपुर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









