आजमगढ़ : राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में ईको गार्डन का लोकार्पण

Youth India Times
By -
0







पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्राओं ने लिया संकल्प, सुनील कुमार यादव ने पौधों की देखभाल पर दिया जोर

आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रैदोपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। विद्यालय परिसर में इंजीनियर एवं समाजसेवी सुनील कुमार यादव के आर्थिक सहयोग से निर्मित ईको गार्डन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी खातून, शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। लोकार्पण के अवसर पर सुनील कुमार यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईको गार्डन विद्यालय परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के साथ छात्राओं को पौधों, प्रकृति और जैव विविधता की व्यावहारिक जानकारी देने में सहायक होगा। उन्होंने छात्राओं से अपने घर, विद्यालय और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक संरक्षित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रधानाचार्या रूबी खातून ने विद्यालय के विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए सहयोग देने पर सुनील कुमार यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ईको गार्डन के माध्यम से छात्राओं को प्रकृति के करीब रहकर पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यालय का वातावरण भी स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक बनेगा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर संकल्प लिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दोहराया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में प्रकृति के प्रति प्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)