आज़मगढ़ : तेज रफ्तार पिकअप ने पांच युवतियों को मारी टक्कर, चार नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं घायल

Youth India Times
By -
0

हादसे में एक छात्रा की हालत गंभीर, चार का मंडलीय अस्पताल में चल रहा उपचार
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के समेदा स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज के पास शनिवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से नर्सिंग कॉलेज की चार छात्राओं समेत पांच युवतियां घायल हो गईं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चार युवतियों का मंडलीय अस्पताल और एक का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के संसारपुर वैसर गांव निवासी 20 वर्षीय यशी पुत्री रमाकांत, 21 वर्षीय करीना पुत्री नरसिंह और फूलपुर थाना क्षेत्र के कोढवां दुर्बासा निवासी 20 वर्षीय आर्या यादव पुत्री सुरेंद्र बी-फार्मा प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। वहीं चिरैयाकोट थाना क्षेत्र, जनपद मऊ निवासी 20 वर्षीय सोनम पुत्री लल्लन ओटी टेक्नीशियन प्रथम वर्ष की छात्रा है। इसके अलावा फूलपुर थाना क्षेत्र के दुर्बासा निवासी 20 वर्षीय अंशिका एएनएम की कोचिंग करती है। बताया गया कि सभी युवतियां इटौर के पास एक किराए के मकान में रहती हैं। शनिवार रात बिजली नहीं होने के कारण करीब नौ बजे सभी पानी खरीदने के लिए बाजार जा रही थीं। इसी दौरान समेदा स्थित नर्सिंग कॉलेज के पास चिरैयाकोट की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पांचों घायल हो गईं। घायल अंशिका को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं यशी, करीना, आर्या और सोनम का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)