रात में भाई-बहनों के साथ सो रही थी सोनाक्षी, अचानक बिगड़ी तबीयत; अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित किया
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में जहरीले जानवर के काटने से 13 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। दरियापुर गांव निवासी अखिलेश गौतम रोजी-रोटी के सिलसिले में पंजाब के पटियाला में रहते हैं। करीब एक माह पूर्व उनकी पत्नी नीतू भी अपने पांच वर्षीय बेटे के इलाज के लिए पटियाला चली गई थीं। घर पर अखिलेश का बड़ा बेटा अपनी दो बहनों के साथ रह रहा था। बताया गया कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद तीनों भाई-बहन एक ही चौकी पर सो गए। इसी दौरान रात में बीच में सो रही 13 वर्षीय सोनाक्षी को किसी जहरीले जानवर ने काट लिया। उस समय परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। रात करीब तीन बजे सोनाक्षी की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद सोनाक्षी को मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पटियाला में रह रहे उसके माता-पिता नीतू और अखिलेश गौतम भी गांव पहुंच गए। बेटी का शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में सोनाक्षी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।

