जमानत के बाद अभियुक्त का सत्यापन न कराने पर हुई कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश
राजीव कुमार सिंह को पुलिस लाइन से रानी की सराय का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी तथा थाना निजामाबाद में तैनात आरक्षी वैभव पटेल शामिल हैं। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। वहीं राजीव कुमार सिंह को पुलिस लाइन से रानी की सराय का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना निजामाबाद में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 123, 351(2) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में शिकायत के निस्तारण तथा अभियुक्त के संबंध में अपेक्षित पुलिस कार्रवाई और सत्यापन में लापरवाही का मामला सामने आया था। बताया गया कि संबंधित प्रकरण में अभियुक्त के जमानत पर रिहा होने के बाद उसके संबंध में आवश्यक सत्यापन किया जाना था। साथ ही सत्यापन एवं संबंधित सूचना को यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना अपेक्षित था। आरोप है कि संबंधित स्तर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय से यह कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस के मुताबिक, जमानत पर बाहर आने के बाद उक्त अभियुक्त द्वारा शिकायतकर्ता को धमकी दिए जाने तथा कथित रूप से फर्जी आईडी बनाकर फोटो और वीडियो वायरल किए जाने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई। इसके बाद पूरे प्रकरण की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अभियुक्त के संबंध में आवश्यक सूचना और सत्यापन की कार्रवाई समय से नहीं किए जाने की बात सामने आई। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी की भूमिका की समीक्षा की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता पाए जाने पर निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी तथा आरक्षी वैभव पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही चारों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों और जिम्मेदारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से अभियुक्तों के सत्यापन, जमानत के बाद उनकी निगरानी तथा संबंधित अभिलेखों और ऐप पर आवश्यक सूचनाओं को समयबद्ध तरीके से दर्ज करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता अथवा अकर्मण्यता सामने आने पर संबंधित पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

