आजमगढ़ : झाड़ी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मचा हड़कंप

Youth India Times
By -
0

चेहरा रक्तरंजित मिलने से हत्या की आशंका पर चर्चा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहा) स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से सेहदा की ओर करीब एक किलोमीटर आगे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 238.6 पर सोमवार सुबह झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 48 वर्ष बताई जा रही है। शव का चेहरा रक्तरंजित होने के कारण घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब छह बजे एक राहगीर की नजर सर्विस लेन के नीचे झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। उसने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल सीमा क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण बिलरियागंज और कंधरापुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का चेहरा रक्तरंजित मिलने के कारण ग्रामीणों के बीच हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका को लेकर चर्चा रही। हालांकि पुलिस ने अभी घटना के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं बताया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)