आज़मगढ़ : मूसलाधार बारिश में दलित बस्ती में गिरा मकान, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा

Youth India Times
By -
0
पड़ोसियों ने समय रहते परिवार को अपने घर में दी शरण
एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार व लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा
रिपोर्ट : अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र के रानी की सराय विकासखंड अंतर्गत फरिहा दलित बस्ती में रविवार की शाम करीब पांच बजे मूसलाधार बारिश के दौरान अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय फिरतू कुमार का मकान अचानक धराशायी हो गया। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय अजय कुमार और उनके परिवार को पड़ोसियों ने अपने मकान में शरण दे रखी थी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मकान गिरने की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी निजामाबाद अयान जैन ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने नायब तहसीलदार राहुल सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल उमेश कुमार गौड़ को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार राहुल सिंह और लेखपाल उमेश कुमार गौड़ मौके पर पहुंचे और मकान गिरने से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। लेखपाल ने क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की। इसी तरह फरिहा (बिजलियां) मोहल्ला निवासी बच्ची देवी पत्नी स्वर्गीय मोहित यादव की पशुशाला भी बारिश के कारण धराशायी हो गई। घटना में किसी पशु के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेखपाल के अनुसार पशुशाला गिरने से पहले ही बच्ची देवी ने सभी पशुओं को सुरक्षित निकालकर पड़ोसी की पशुशाला में बंधवा दिया था। इससे सभी पशु सुरक्षित हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)