पैर फिसलने से नदी में गिरे, ग्रामीणों ने बाहर निकाला लेकिन नहीं बच सकी जान
आजमगढ़। जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के उधरा ग्राम सभा में रविवार को नदी में डूबने से करीब 80 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधरा गांव निवासी श्रीनाथ यादव (80) रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे नदी किनारे स्थित अपने खेत की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि खेत में आवारा पशु पहुंच गए थे। उन्हें भगाने के दौरान श्रीनाथ यादव नदी के किनारे तक पहुंच गए। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी में जा गिरे। वृद्ध के नदी में गिरने की जानकारी होते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने पर मेहनाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

