दो माह से चल रहा था उपचार, साथियों ने गांव पहुंचकर परिजनों को दी सांत्वना
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर ब्लाक क्षेत्र के बक्सपुर मिजवां में तैनात सफाई कर्मी इम्तेयाज अहमद (47) की मंगलवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह करीब दो माह से बीमार चल रहे थे और जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उद्पुर गांव निवासी इम्तेयाज अहमद पुत्र अब्दुल रशीद बक्सपुर मिजवां में सफाई कर्मी के पद पर तैनात थे। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी ब्लाक मुख्यालय पहुंचते ही साथी सफाई कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। मौत की सूचना मिलने के बाद साथी सफाई कर्मी उनके गांव उद्पुर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। कर्मचारियों ने इम्तेयाज अहमद के निधन पर दुख जताया। परिजनों के अनुसार इम्तेयाज अहमद पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे मेहनत-मजदूरी करते हैं। इम्तेयाज की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।



