न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में तीन पुलिस टीमों ने दबिश देकर की गिरफ्तारी
आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर थाना पुलिस ने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को 11 एनबीडब्ल्यू वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी के विरुद्ध न्यायालय कोर्ट नंबर-20, आजमगढ़ से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में तहबरपुर पुलिस की तीन टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी 11 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 527/11 में धारा 147, 148, 323, 332, 353, 336, 427, 307, 341 और 188 भादवि के तहत मामला दर्ज था। इसी मामले में न्यायालय द्वारा एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तार वारंटियों में शत्रुधन उर्फ बल्लू, हिमांशु राय, संदीप चौहान, अंकित, पिन्टू उर्फ सर्वेश, अंगद विश्वकर्मा, दीनू गिरी, शुखियाल, सुटेली, भुटेली उर्फ राजकुमार और सुरेश राय शामिल हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूर्यपाल, लोकेशमणि त्रिपाठी, मोहनलाल यादव, रामप्रवेश गौतम समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सभी गिरफ्तार वारंटियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की।



