आजमगढ़ : स्वतंत्रता दिवस मनाकर घर लौट रहे बीएससी छात्र की सड़क हादसे में मौत

Youth India Times
By -
0







दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद हुई दुर्घटना, मित्र गंभीर; दूसरा बाइक सवार फरार

आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाकर घर लौट रहे बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार दोपहर सिधारी थाना क्षेत्र के बयासी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 22 वर्षीय मयंक गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मित्र अभय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। बेलहटा गांव निवासी मयंक गौतम (22) समेंदा स्थित एक पीजी कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह कॉलेज गया था। दोपहर करीब दो बजे वह अपने मित्र जहानागंज थाना क्षेत्र के बुद्धा गांव निवासी अभय यादव के साथ बाइक से घर लौट रहा था। बताया गया कि बयासी गांव के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मयंक और अभय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार को भी चोटें आईं, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने मयंक गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभय की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची सिधारी पुलिस ने मयंक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है। मयंक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। जिस दिन परिवार स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा था, उसी दिन बेटे की मौत की खबर ने खुशियां मातम में बदल दीं। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)