आजमगढ़ : 21 अगस्त को आदर्श, संघर्ष और सेवा की विरासत को किया जाएगा नमन

Youth India Times
By -
0

 









स्व. विश्वनाथ सिंह व स्व. वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा होगी आयोजित
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर व पौधा वितरण भी, जनसेवा के संकल्प में सहभागी बनने की अपील
आजमगढ़। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं जनसेवी स्वर्गीय वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की पुण्यतिथि के अवसर पर 21 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जहानागंज स्थित विध्य मैरिज लॉन में सुबह 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के आयोजक एवं परिजनों की ओर से वर्षम प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पुण्यात्माओं की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें सादर नमन एवं विनम्र आदरांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे दादाजी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह और पिताजी स्वर्गीय वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ ने आदर्श, संघर्ष, सेवा और सामाजिक सरोकारों की जो विरासत छोड़ी है, वह सदैव प्रेरणा देती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा के साथ जनसेवा की भावना से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें लोगों को स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए पौधा वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। वर्षम प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत पुण्यात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करें और जनसेवा के इस पुनीत संकल्प में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि लोगों की गरिमामयी उपस्थिति दिवंगत आत्माओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होने के साथ ही सेवा के इस अभियान को और अधिक सार्थक बनाएगी। इस दौरान नेत्र रोग विभाग में डॉक्टर राजकुमार सिंह और उनकी टीम, हड्डी रोग में डॉक्टर मनीष त्रिपाठी उनकी टीम एवं डॉ. बी.के. चौहान, जनरल फिजिशियन में डॉक्टर संतोष सिंह, बाल रोग में डॉक्टर नरेंद्र यादव, नाक कान गला में डॉक्टर आशुतोष सिंह द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)