आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा स्थित नई कॉलोनी में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने मौके से चार महिलाओं को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए सिधारी थाने ले गई। मामले में पुलिस द्वारा जांच और पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, हैदराबाद छतवारा नई कॉलोनी निवासी हनुमान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि कॉलोनी के एक मकान में एक महिला अन्य महिलाओं के साथ मिलकर कथित रूप से सेक्स रैकेट संचालित कर रही है। शिकायत में मकान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के आने-जाने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया था कि इस संबंध में पूर्व में पुलिस से शिकायत की जा चुकी है। उसके मुताबिक, पुलिस ने पहले भी संबंधित महिला को तीन बार पकड़ा था, लेकिन बाद में आपसी सुलह हो गई। आरोप है कि कुछ समय तक गतिविधियां बंद रहने के बाद दोबारा शुरू हो जाती थीं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी की बात सामने आने के बाद मंगलवार को सिधारी थाना पुलिस ने महिला थाना पुलिस के साथ संबंधित मकान पर छापेमारी की। इस दौरान चार महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस को मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, बरामदगी और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। सीओ शुभम तोदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद सिधारी थाना और महिला थाना पुलिस की टीम ने मकान पर छापेमारी की थी। चार महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। जांच और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मकान में कथित गतिविधियां किस स्तर पर संचालित हो रही थीं और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
आज़मगढ़ : सेक्स रैकेट की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, चार महिलाएं हिरासत में
By -
Tuesday, September 29, 2026
0
Tags:

