आजमगढ़ : एनसीसी शिविर का ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार ने किया निरीक्षण

Youth India Times
By -
0


आरडीसी की तैयारी में चयनित कैडेटों को दिया जा रहा प्रशिक्षण, एआई के सकारात्मक प्रयोग पर दिया जोर
आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में डेंटल कॉलेज इटौरा, चंडेश्वर में चल रहे दस दिवसीय एनसीसी शिविर के नौवें दिन मंगलवार को वाराणसी 'बी' ग्रुप एनसीसी मुख्यालय के ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार ने शिविर का निरीक्षण किया। ग्रुप कैप्टन ने शिविर के कोत, कार्यालय, स्टोर, ट्रेनिंग एरिया, फायरिंग एरिया, फ्लैग एरिया, प्रतियोगिता स्थल तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं और स्टाफ के कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि यह शिविर गणतंत्र दिवस परेड (आरडीसी) की पूर्व तैयारी के लिए आयोजित किया गया है। इसमें चयनित कैडेटों को विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण देकर जनवरी में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए तैयार किया जाता है। ग्रुप कैप्टन ने कैडेटों को सोशल मीडिया के प्रयोग में सावधानी और सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति के दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), चैटजीपीटी, क्लाउड, जेमिनी समेत अन्य सॉफ्टवेयर का सकारात्मक प्रयोग युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इससे शैक्षणिक विकास के साथ लीडरशिप और करियर डेवलपमेंट में भी सहायता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि औपचारिक शिक्षा के साथ एआई का सकारात्मक उपयोग जीवन के विकास में सहायक है, लेकिन युवाओं को इसके नकारात्मक पक्षों की जानकारी रखते हुए उनसे बचने की भी आवश्यकता है। इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जेबी सिंह, सहयुक्त एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ और कैडेट्स मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)