लखनऊ। प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है और लोगों को हैरान कर रहा है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि सोमवार को मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन इसके बाद एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। बताया गया है कि पश्चिमी विक्षोभ का नया दौर 7 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा, जिसका असर 8 अप्रैल को पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और निम्न क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से रविवार को भी प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम प्रभावित रहा। इस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को मौसम में आंशिक सुधार होगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके बाद 7 अप्रैल से मौसम फिर बदलने लगेगा और 8 अप्रैल तक इसका प्रभाव पूरे प्रदेश में रहेगा। मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार, हालिया बारिश के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई है। रविवार को दक्षिण-पश्चिमी और मध्य यूपी में बारिश दर्ज की गई, जिसमें इटावा में सबसे अधिक 30 मिमी वर्षा हुई। वहीं कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ेगा, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद 10 अप्रैल से प्रदेश में मौसम शुष्क होने की संभावना जताई गई है।






