आजमगढ़ : जीडी ग्लोबल स्कूल में अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Youth India Times
By -
0








“नेचर-नर्चर” के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रारंभिक शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका पर डाला प्रकाश
आजमगढ़। जीडी ग्लोबल स्कूल में “नेचर-नर्चर” के सहयोग से अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा के महत्व तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी सक्रिय भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि से दीप प्रज्वलन एवं मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन के साथ हुआ, जिससे वातावरण ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में के.पी. ग्रुप्स ऑफ स्कूल्स, गुजरात के निदेशक मुकेश शेलट उपस्थित रहे। उन्होंने अपने 31 वर्षों से अधिक के समृद्ध शैक्षिक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि बच्चों के जीवन के प्रारंभिक वर्ष उनके व्यक्तित्व निर्माण की नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि सही दिशा, अनुकूल वातावरण और निरंतर प्रोत्साहन से ही बच्चों का समग्र विकास संभव है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की सह-वक्ता एवं “नेचर-नर्चर” की उपाध्यक्ष शिवानी वर्मा ने अपने दो दशकों के अनुभव के आधार पर प्रारंभिक शिक्षा को रोचक, अनुभवात्मक और बाल-केंद्रित बनाने के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि जब सीखने की प्रक्रिया आनंददायक बनती है, तभी बच्चे स्वाभाविक रूप से सीखने के प्रति आकर्षित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान “नेचर-नर्चर” के 360° लर्निंग प्रोग्राम की विशेषताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं सृजनात्मक विकास पर समान रूप से ध्यान दिया जाता है, जिससे उनका संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित होता है। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत समन्वय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम को संवादात्मक रूप दिया गया, जिसमें अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार और अनुभव साझा किए। विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है और इस दौरान दिया गया मार्गदर्शन उनके भविष्य को दिशा देता है। उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि जीडी ग्लोबल स्कूल सदैव बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रम अभिभावकों व विद्यालय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हैं। कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने आधुनिक शिक्षा के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में केवल अकादमिक सफलता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों के 360° विकास पर ध्यान देना आवश्यक है। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों को सक्षम, संवेदनशील और आत्मविश्वासी नागरिक बनाना है। कार्यक्रम के अंत में को-ऑर्डिनेटर सुमन यादव ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस प्रकार के संयुक्त प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। यह उन्मुखीकरण कार्यक्रम अभिभावकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ और विद्यालय तथा अभिभावकों के बीच सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)