परिजनों ने लाठी-डंडों से पीटने का लगाया आरोप, रास्ते में तोड़ा दम
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया
आजमगढ़। शहर कोतवाली के बलरामपुर क्षेत्र में शनिवार रात शराब के ठेके पर हुई कहासुनी के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने युवक को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा, पोस्ट बनकट निवासी राजन चौबे (35) के रूप में हुई है। राजन दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 13 वर्ष का पुत्र और 11 वर्ष की पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया कि राजन शनिवार रात करीब 10 बजे बलरामपुर स्थित शराब के ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान वहां किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अज्ञात लोगों ने राजन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय राजन के चाचा का बेटा शुभम चौबे भी उसके साथ मौजूद था। उसे भी मारपीट में हल्की चोटें आने की बात कही गई है। राजन की हालत गंभीर होने पर परिजन और आसपास के लोग उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बलरामपुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। इसके बाद बनकट चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बाद में कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय और एसपी सिटी शुभम तोदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की वास्तविक वजह और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।हालांकि, कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। उनके अनुसार युवक सुबह से ही शराब पी रहा था और करीब 1700 रुपये की शराब पी चुका था। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

