थाने पहुंचकर युवक ने अज्ञात व्यक्ति पर लगाया फायरिंग का आरोप, जांच में खुला राज
घटनास्थल के साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आई सच्चाई, पुलिस कर रही विधिक कार्रवाई
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में एक युवक द्वारा प्रेमिका पर प्रभाव जमाने और उसे डराने के लिए खुद को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने के बाद युवक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा फायरिंग किए जाने की मनगढ़ंत कहानी तैयार की और खुद थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की जांच में युवक की कहानी झूठी निकली। मामले में अब पुलिस उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ी गांव निवासी आर्यन यादव शनिवार शाम अहरौला थाने पहुंचा था। युवक ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके ऊपर फायरिंग कर दी है। युवक की सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही युवक से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान युवक के बयान और मौके की परिस्थितियों में पुलिस को कुछ अंतर दिखाई दिए। घटना से जुड़े तथ्यों की गहनता से पड़ताल करने पर पुलिस का संदेह बढ़ा और मामले की जांच दूसरे दिशा में आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान पुलिस के सामने जो सच्चाई आई, उसके मुताबिक आर्यन यादव किसी लड़की से प्रेम करता है। पुलिस के अनुसार वह लड़की पर अपना प्रभाव जमाना चाहता था और उसे डराने के उद्देश्य से उसने खुद को गोली मार ली। इसके बाद पुलिस और परिवार के लोगों को भ्रमित करने के लिए उसने घटना को दूसरा रूप देने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार गोली लगने के बाद आर्यन ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा फायरिंग किए जाने की कहानी तैयार की। इसी कहानी के आधार पर वह खुद अहरौला थाने पहुंचा और पुलिस को अपने ऊपर हमला किए जाने की सूचना दी। शुरुआत में पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और युवक से पूछताछ के दौरान उसकी बताई कहानी टिक नहीं सकी। एएसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में घटना की वास्तविकता सामने आ गई है। युवक द्वारा स्वयं को गोली मारने और बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बताने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

