रात में पैर के अंगूठे में लगा डंक, सर्पदंश विशेषज्ञ के उपचार से खतरे से बाहर
मेंहनगर (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र के पहलवानपुर गांव निवासी राणा प्रताप यादव की 19 वर्षीय पुत्री खुशी यादव को गुरुवार रात सांप ने डंक मार दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए खरिहानी बाजार स्थित आशीर्वाद क्लीनिक ले गए, जहां सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र पांडेय ने उपचार शुरू किया। चिकित्सक के अनुसार अब युवती खतरे से बाहर है। बताया गया कि खुशी नित्य की भांति पक्के मकान में बिस्तर पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। रात करीब 11 बजे सांप बिस्तर पर चढ़ गया और उसके दाहिने पैर के अंगूठे में डंक मार दिया। करीब एक घंटे बाद उसके पूरे शरीर में ऐंठन और जलन होने लगी। वह जोर-जोर से रोने लगी तो परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान सांप बिस्तर के नीचे बैठा मिला। परिजनों ने उसे मारकर डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद परिजन गंभीर हालत में खुशी को चिरैयाकोट स्थित बड़लहगंज स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसी दौरान किसी ने उसे खरिहानी बाजार ले जाने की सलाह दी। परिजन रात करीब एक बजे खुशी को आशीर्वाद क्लीनिक लेकर पहुंचे। सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र पांडेय ने डिब्बे में बंद सांप को देखकर उसे ब्लैक कोबरा बताया और तत्काल उपचार शुरू किया। उन्होंने बताया कि परिजन समय से उपचार के लिए पहुंच गए, जिससे युवती की हालत में सुधार हुआ और अब वह खतरे से बाहर है। चिकित्सक ने यह भी कहा कि सामान्य तौर पर कोबरा के बिस्तर पर चढ़ने की बात कम देखने को मिलती है, लेकिन इस मामले में ऐसी घटना सामने आई है।

