आजमगढ़ : गांधी-शास्त्री जयंती पर सर्वोदय पब्लिक स्कूल में श्रद्धा से किया गया नमन

Youth India Times
By -
0

 

प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने छात्र-छात्राओं को सत्य, अहिंसा, सादगी और सहिष्णुता के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव एवं निदेशिका श्रीमती कंचन यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके योगदान पर आधारित लघु फिल्म छात्र-छात्राओं को दिखाई गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के विचारों और देश के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने सामूहिक रूप से 'दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल' तथा 'वैष्णव जन तो तेने कहिए, जे पीर पराई जाणे रे' गीत प्रस्तुत किए। गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में देशभक्ति और भावनात्मक वातावरण बना दिया। विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने छात्र-छात्राओं को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आपसी प्रेम, भाईचारा और सहिष्णुता की भावना बनाए रखते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। उन्होंने सादगी, अनुशासन और ईमानदारी को जीवन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहिष्णुता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)