आज़मगढ़ : कैम्ब्रिज मॉडर्न स्कूल में चला 'स्वच्छता से स्वस्थ समाज की ओर बढ़े कदम', जागरूकता अभियान

Youth India Times
By -
0

स्वच्छता स्वस्थ जीवन और बेहतर समाज की नींव : राकेश सिंह, प्रबंधक

आजमगढ़। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कैम्ब्रिज मॉडर्न स्कूल, जहानागंज आजमगढ़ में गुरुवार को स्वच्छता सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर के साथ-साथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प कराया गया। इस अवसर पर प्रबंधक राकेश सिंह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन और बेहतर समाज की नींव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, विद्यालय, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। स्वच्छता अभियान के क्रम में विद्यार्थियों ने क्षेत्र के तुलसीपुर स्थित ब्रह्म बाबा मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। बच्चों ने पोस्टर, स्लोगन और नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, कूड़ेदान का प्रयोग करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। अध्यापिका रिया सिंह ने विद्यार्थियों को कूड़े के उचित पृथक्करण की जानकारी दी। उन्होंने हरे, नीले, लाल और काले कूड़ेदानों के उपयोग तथा विभिन्न प्रकार के कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालने के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विमलेश सिंह सूरज, विपुल, रिंकी चौहान, मयंक सहित अन्य लोगों की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि समाज को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)