आजमगढ़ : लेखपालों ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, 17 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

Youth India Times
By -
0

वेतन विसंगति दूर करने, स्थानांतरण व पदोन्नति समेत कई मांगों को लेकर फूलपुर तहसील में की नारेबाजी

रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील फूलपुर इकाई ने लेखपालों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर संघ ने 17 अक्टूबर 2026 से संपूर्ण कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। इस दौरान लेखपालों ने जमकर नारेबाजी भी की। संघ के तहसील अध्यक्ष विशाल सिंह चंदेल और मंत्री विंद्रेश यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में लेखपालों ने प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे किए जाने और वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई। इसके अलावा वर्षों से लंबित अंतरमंडलीय स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने तथा वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित कर स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की गई। लेखपाल संघ ने स्टेशनरी, वाहन और विशेष भत्तों में वृद्धि की मांग भी रखी। भूलेख कार्यालयों में पटल सहायक एवं प्रभारी राजस्व निरीक्षक का कार्य देख रहे लेखपालों को अवमुक्त करने, ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिससे लेखपालों में असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 17 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष नागेंद्र तिवारी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज यादव, उपमंत्री रविशंकर यादव, कोषाध्यक्ष कृष्ण चंद यादव और ऑडिटर रविकांत यादव समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)