15 आईएएस अधिकारियों का हुआ तबादला, मऊ-जौनपुर के CDO भी बदले

Youth India Times
By -
0

पंचायती राज और चिकित्सा शिक्षा विभाग में भी बदलाव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में मऊ और जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खांडिया को स्थानांतरित कर मऊ का नया सीडीओ बनाया गया है। वहीं मऊ के सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने नरेंद्र बहादुर सिंह को जौनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया है। इससे पहले वह लखीमपुर खीरी में अपर जलाधिकारी (वित्त/राजस्व) के पद पर तैनात थे। अब वह जौनपुर में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, उनकी निगरानी और जिला स्तरीय विकास प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे। तबादला सूची में कई प्रमुख विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। अमित कुमार सिंह को निदेशक, पंचायती राज के पद से हटाकर प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ बनाया गया है। वहीं प्रकाश बिंदु को प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ से स्थानांतरित कर सचिव, चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। डा. उज्ज्वल कुमार को उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर विशेष सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म बनाया गया है। जे. रिभा को विशेष सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सीडीओ स्तर पर हुए बदलाव के बाद मऊ और जौनपुर में विकास योजनाओं के संचालन और विभागीय समन्वय की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)