एक माह पूर्व बच्चे को दिया था जन्म, पेट में तेज दर्द के बाद मेडिकल कॉलेज में कराया गया था भर्ती
आजमगढ़। जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के उचहुआ गांव में शनिवार रात 22 वर्षीय विवाहिता अंजली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पेट में अचानक तेज दर्द उठने के बाद परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष द्वारा मौत को संदिग्ध बताए जाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के चकफरीद गांव निवासी हरिश्चंद चौहान की पुत्री अंजली की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व तरवां थाना क्षेत्र के उचहुआ गांव निवासी प्रिंस चौहान के साथ हुई थी। बताया गया कि करीब एक माह पहले ही अंजली ने ऑपरेशन के जरिए एक बच्चे को जन्म दिया था। परिजनों के अनुसार शनिवार को अंजली के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर ले गए। यहां उपचार के दौरान रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। अंजली की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए तरवां पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



