आशीष गोयल को श्रम एवं सेवायोजन, अमित कुमार घोष को उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी; कई प्रमुख सचिवों का भी तबादला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और मेडिकल कॉलेजों से जुड़े मामलों के बीच किए गए इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष को इन दोनों विभागों से हटाकर अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा बनाया गया है। अमित कुमार घोष इसी वर्ष दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वहीं, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा तथा विभिन्न विद्युत निगमों के अध्यक्ष रहे डॉ. आशीष कुमार गोयल को श्रम एवं सेवायोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वह अध्यक्ष यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी लिमिटेड के दायित्व भी संभाल रहे थे। अमृत अभिजात को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। परिवहन विभाग का दायित्व अब तक अर्चना अग्रवाल के पास था, जो इसी माह सेवानिवृत्त हो रही हैं। वी हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन से हटाकर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है। महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा से प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी दी गई है। अनिल कुमार को प्रमुख सचिव पंचायती राज से प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद बनाया गया है। डॉ. एमकेएस सुंदरम को प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन तथा प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा से प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन बनाया गया है। रविंद्र को कृषि से संबंधित विभागों से हटाकर प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाया गया है। अमित गुप्ता को प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के साथ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद से प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा बनाया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष का भी दायित्व सौंपा गया है।



