आजमगढ़ : दो थानाध्यक्ष निलंबित, विवेचनाओं में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना का आरोप

Youth India Times
By -
0

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की सख्त कार्रवाई, विभागीय जांच शुरू

आजमगढ़। पुलिस विभाग में कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना अहरौला और थाना अतरौलिया के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित है। निलंबित किए गए अधिकारियों में उपनिरीक्षक मंतोष सिंह, थानाध्यक्ष अहरौला और उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे, थानाध्यक्ष अतरौलिया शामिल हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप पाए गए हैं। इसके अलावा थाना स्तर पर विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समय में उनका निस्तारण नहीं करने और विवेचनाओं के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं लेने का भी आरोप है। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि दोनों अधिकारियों द्वारा उच्चाधिकारियों के आदेश और निर्देशों की अवहेलना की गई। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने दोनों थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद जनपद के पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)