ट्रेनिंग सेंटर से इंटरव्यू देकर घर लौटने की बात कही थी, कुछ देर बाद मोबाइल हुआ बंद
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी गणेशपुर (पोस्ट भोपालपुर) निवासी रमेश, पुत्र बाबूराम, बीते एक सप्ताह से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। परिजनों के अनुसार रमेश 7 सितंबर को खाड़ी देश में नौकरी के इंटरव्यू के सिलसिले में लखनऊ गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने बताया कि रमेश लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में हरदोई रोड स्थित आयशा टेक्निकल ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग सेंटर पहुंचे थे, जहां उन्होंने नौकरी के लिए इंटरव्यू दिया। इंटरव्यू समाप्त होने के बाद उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया कि इंटरव्यू अच्छा रहा और अब वह घर लौटने के लिए निकल रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, फोन पर बातचीत के कुछ ही देर बाद रमेश का मोबाइल अचानक स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने लगातार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। काफी तलाश और रिश्तेदारों तथा परिचितों से जानकारी लेने के बावजूद रमेश का कोई सुराग नहीं मिल सका। सात दिन से युवक के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान हैं। उन्होंने लखनऊ और आजमगढ़ पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि रमेश के मोबाइल नंबर की आखिरी लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही दुबग्गा स्थित सेंटर से लेकर उनके संभावित यात्रा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं, ताकि युवक की तलाश में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।



