यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के तबादले

Youth India Times
By -
0

कई जिलों के CDO बदले; स्टार्ट-अप मिशन को भी मिला नया CEO

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को बदला गया है, जबकि विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईएएस अधिकारियों में सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं अपर आयुक्त, राज्यकर डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं लखीमपुर खीरी के सीडीओ अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है। विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) पद पर भेजा गया है। वहीं रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है। अंबेडकरनगर के मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग में विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा संयुक्त निदेशक युवा कल्याण अशोक कुमार कनौजिया को विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग बनाया गया है। अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)