किशोरी को भगाने और छेड़खानी के मामले में भी कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न मामलों में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें दहेज हत्या के दो मामलों में पति व ससुर समेत तीन आरोपी, किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में एक आरोपी तथा छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में एक वांछित अभियुक्त शामिल है। पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को रंजना प्रजापति की तहरीर पर उसकी ननद अंजली प्रजापति को दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने राजधारी उर्फ दिलीप (32) निवासी गजेन्धरपट्टी भेदौरा को उसके घर के सामने से सुबह 9:35 बजे गिरफ्तार किया। वहीं, 7 फरवरी 2026 को संतोष सिंह की तहरीर पर उनकी पुत्री अंकिता सिंह से दहेज में पांच लाख रुपये की मांग और प्रताड़ना के बाद हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस ने आनंद प्रकाश सिंह (28) और उसके पिता दान बहादुर सिंह (53), निवासी ग्राम लोहरा, को उनके घर से सुबह 9:30 बजे गिरफ्तार किया। इसके अलावा 19 जुलाई को नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में दर्ज मुकदमे में वांछित रजत (22) निवासी भीलमपुर छपरा को रानीपुर तिराहे से सुबह 9:25 बजे गिरफ्तार किया गया। विवेचना के दौरान मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 की बढ़ोतरी की गई थी। इसी क्रम में छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में वांछित शैलेश कुमार सिंह (38) निवासी सिहोरा को 13 सितंबर की रात प्रताप नगर कॉलोनी, हीरापट्टी से 8:55 बजे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान धारा 118(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी पांचों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



