आज़मगढ़ : हिंदी दिवस पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में हुए विविध कार्यक्रम

Youth India Times
By -
0

विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व पर रखे विचार, 20 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर किया सम्मानित

आजमगढ़। हिंदी दिवस के अवसर पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल आजमगढ़ में हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में प्रेम, सम्मान और जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा और राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय तथा को-ऑर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज और मोना सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी से संबंधित सुविचार, रचनात्मक प्रस्तुतियां और आकर्षक सजावट के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की सहभागिता और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 4 से 8) और वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9 एवं 10) में विभाजित किया गया। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10-10 प्रतिभागियों सहित कुल 20 विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के शुद्ध एवं प्रभावी प्रयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हिंदी भाषा के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति गौरव और उत्साह की भावना को और अधिक प्रबल किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)