11 सितंबर की सुबह घर से निकला, रिश्तेदार के यहां भी नहीं पहुंचा
आजमगढ़। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ससना विश्वनाथपुर से रिश्तेदारी जाने की बात कहकर निकला 36 वर्षीय युवक राहुल मिश्रा लापता हो गया। कई दिनों बाद भी घर नहीं लौटने और रिश्तेदार के यहां भी नहीं पहुंचने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार के लोग अपने स्तर से भी उसकी तलाश कर रहे हैं। लापता राहुल के पिता शिवप्रसाद मिश्रा ने महराजगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया कि उनका बेटा 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे घर से रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह न तो बताए गए रिश्तेदार के घर पहुंचा और न ही वापस अपने घर लौटा। काफी समय तक राहुल के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारियों के साथ ही संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मोबाइल फोन और अन्य माध्यमों से भी संपर्क का प्रयास किया गया, मगर उसका पता नहीं चल पाया। बेटे के लापता होने से पिता शिवप्रसाद मिश्रा समेत पूरा परिवार परेशान है। परिवार वालों के मुताबिक राहुल की तलाश में भोजन और रातों की नींद तक मुश्किल हो गई है। पिता ने पुलिस से बेटे का जल्द पता लगाने की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस ने राहुल की तलाश में मदद का भरोसा दिया है। दूसरी ओर परिजन भी अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे हैं। शिवप्रसाद मिश्रा ने राहुल के फोटो और विवरण वाले पोस्टर तैयार कर संभावित स्थानों पर चस्पा करना शुरू कर दिया है, ताकि उसके बारे में किसी को जानकारी मिले तो परिवार या पुलिस तक सूचना पहुंचाई जा सके।



