आजमगढ़ : बुजुर्ग से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप

Youth India Times
By -
0



प्रतिष्ठा खराब करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धमकी देने की बात कही
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी एक बुजुर्ग बेकरी संचालक की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बुजुर्ग ने महिला पर डराने-धमकाने, सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने का भय दिखाकर एक लाख रुपये मांगने और रुपये न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार, पहाड़पुर निवासी जहीरुद्दीन बेकरी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला रेनू गुप्ता पहले उनकी दुकान पर आर्थिक मदद मांगने आई थी। मजबूर समझकर उन्होंने उसे कुछ आर्थिक सहायता दी। आरोप है कि इसके बाद महिला लगातार दुकान पर आने लगी और रुपये की मांग करने लगी। रुपये देने से इनकार करने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 30 मार्च 2022 को उनकी पत्नी ने भी महिला के खिलाफ महिला थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। उस समय महिला ने भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात लिखित रूप से कही थी। इसके बावजूद आरोपी द्वारा लगातार रुपये मांगने और धमकाने का आरोप लगाया गया है। प्रार्थना पत्र में जहीरुद्दीन ने आरोप लगाया कि 6 फरवरी 2026 को शाम करीब चार बजे रेनू गुप्ता ने उन्हें मृत्यु का भय दिखाते हुए एक लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर उनकी इज्जत खराब करने और उन्हें मरने के लिए मजबूर करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने 7 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद शहर कोतवाली में आरोपी रेनू गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। एफआईआर सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज किए जाने की पुष्टि पुलिसकर्मी द्वारा की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)