आजमगढ़ : एसकेडी विद्या मंदिर में किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन, स्वर्ण पदक विजेता यूपी कप के लिए चयनित

Youth India Times
By -
0
विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
बीएचयू वाराणसी में आयोजित होगी यूपी किक बॉक्सिंग कप-2026 प्रतियोगिता, चयनित खिलाड़ियों में उत्साह
धनहुआँ-आजमगढ़। एस.के.डी. विद्या मंदिर, धनहुआँ में गुरुवार को इंटर-स्कूल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, साहस, अनुशासन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। 12 वर्ष आयु वर्ग के 37 किलोग्राम भार वर्ग में आयुष चौरसिया ने स्वर्ण तथा रुद्र प्रताप सिंह ने रजत पदक जीता। 47 किलोग्राम वर्ग में चंदन यादव ने स्वर्ण, रितेश ने रजत और प्रतीक यादव ने कांस्य पदक हासिल किया। 52 किलोग्राम वर्ग में हिमांशु यादव ने स्वर्ण तथा विशेष सिंह ने रजत पदक प्राप्त किया। 14 वर्ष आयु वर्ग में 37 किलोग्राम भार वर्ग के धैर्यजीत सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। 47 किलोग्राम वर्ग में प्रखर ने स्वर्ण तथा मानस यादव ने रजत पदक प्राप्त किया। 52 किलोग्राम वर्ग में समर गोंड ने स्वर्ण और यशवीर सिंह ने रजत पदक हासिल किया।
16 वर्ष आयु वर्ग में सुधांशु यादव ने 51 किलोग्राम, सत्यम सिंह ने 57 किलोग्राम तथा कृष्णकांत मौर्य ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। 19 वर्ष आयु वर्ग के 57 किलोग्राम भार वर्ग में पंकज यादव ने स्वर्ण, अनूप यादव ने रजत तथा अभिनव मद्धेशिया ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 63 किलोग्राम वर्ग में आर्यन यादव ने स्वर्ण और पीयूष सिंह ने रजत पदक जीता। वहीं, 69 किलोग्राम वर्ग में प्रिंस यादव ने स्वर्ण तथा अंश प्रताप यादव ने रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता की प्रमुख उपलब्धि यह रही कि स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग कप 2026 के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी में आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ियों के इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक विजय बहादुर सिंह, श्रीकांत सिंह, प्रधानाचार्य के.के. शरण एवं उपप्रधानाचार्य योगेश अस्थाना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर, माँ सरस्वती का पूजन तथा फीता काटकर किया।
इस अवसर पर प्रबंधक विजय बहादुर सिंह ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता में सफलता की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा निरंतर अभ्यास के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का सफल संचालन किक बॉक्सिंग प्रशिक्षक आरिफ खान के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य निर्णायक अभिनय निषाद रहे। निर्णायक मंडल में लकी, रजनीश निषाद, उमंग मौर्य एवं इशांत ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेल भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित किया। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)