आजमगढ़ : तमसा नदी में डूबने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Youth India Times
By -
0

पेड़ से लकड़ी तोड़ते समय बिगड़ा संतुलन, गहरे पानी में गिरा

आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र के बेलवा किशुनपुर गांव में शनिवार शाम तमसा नदी में डूबने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह नदी किनारे पेड़ से लकड़ी तोड़ रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गया। रविवार सुबह उसका शव नदी में उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार बेलवा किशुनपुर गांव निवासी बीरू शनिवार शाम घर से लकड़ी तोड़ने के लिए निकला था। गांव के पास से गुजर रही तमसा नदी के किनारे लगे पेड़ पर चढ़कर वह लकड़ी तोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नदी के गहरे पानी में जा गिरा। उस समय नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने बीरू को डूबते हुए देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह ग्रामीणों ने एक बार फिर नदी में तलाश शुरू की। इसी दौरान बीरू का शव पानी में उतराया हुआ मिला। सूचना मिलने पर तहबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की एक बेटी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)