डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, एसपी सिटी ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव में शुक्रवार को चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर चांदी के सामान समेत अन्य जरूरी कागजात चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। मकान आसाम प्रांत में तैनात डीआईजी अखिलेश कुमार सिंह के चाचा महिपाल सिंह का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार महिपाल सिंह पिछले करीब एक सप्ताह से अस्वस्थ चल रहे थे। बीमारी के चलते उनके पुत्र शिक्षक आशुतोष कुमार अपने माता-पिता को आजमगढ़ के सिधारी क्षेत्र में रखकर इलाज करा रहे थे। इसी वजह से बाबू की खजूरी स्थित मकान में करीब एक सप्ताह से ताला बंद था। शुक्रवार की सुबह आशुतोष सिंह आजमगढ़ से पल्हना विकासखंड क्षेत्र स्थित अपने विद्यालय में पढ़ाने के लिए जा रहे थे। करीब 7:30 बजे जब वह गांव स्थित अपने घर पहुंचे तो मुख्य गेट बाहर से बंद मिला। उन्हें कुछ संदेह हुआ तो वह बाउंड्री फांदकर अंदर पहुंचे। घर के अंदर सभी कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर पहुंचने पर अलमारी और बक्से भी टूटे मिले तथा सामान अस्त-व्यस्त अवस्था में बिखरा पड़ा था। आशुतोष सिंह ने तत्काल इसकी जानकारी अपनी माता को दी। घर में सामान की जांच करने पर चांदी की प्लेट का सेट, पैजनी और बाइक से संबंधित कागजात गायब मिले। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। दोपहर में डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। शाम करीब पांच बजे एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। मामले में आशुतोष सिंह ने मेंहनगर थाने में तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरों का पता लगाने में लगी है।









