बकरी सामने आने से अनियंत्रित हुई बाइक, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने कुचला
रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के मुड़हर-लालगंज मार्ग पर शंकरपुर मोड़ के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में सहायक अध्यापक चंदन कुमार (46) की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हर निवासी चंदन कुमार पुत्र संतलाल विकासखंड ठेकमा के प्राथमिक विद्यालय भैसकुर में वर्ष 2013 से सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। मुड़हर-लालगंज मार्ग पर शंकरपुर मोड़ के पास अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों ने घायल चंदन कुमार को तत्काल मानव रचना अस्पताल, बिजौली पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें शहर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चंदन कुमार की पत्नी अंजू गौतम लालगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कार्यरत हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के 15 वर्षीय पुत्र ज्योतिष प्रसाद और तीन वर्षीय पुत्री अनु श्री गौतम हैं। सहायक अध्यापक की मौत की खबर से शिक्षा क्षेत्र ठेकमा के शिक्षकों में भी शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल ने बताया कि मृतक की पत्नी अंजू गौतम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।









