आजमगढ़ : स्वतंत्रता संग्राम व पत्रकारिता में योगदान हेतु महान विभूतियों को किया गया याद

Youth India Times
By -
0








पूर्व विधायक स्व० विश्वनाथ सिंह और स्व० वेद प्रकाश सिंह लल्ला की स्मृति में उमड़ा जनसैलाब
पुण्यतिथि पर 1058 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, पौध वितरण के साथ दी गई श्रद्धांजलि
आजमगढ़। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं मुबारकपुर के पूर्व विधायक स्व. विश्वनाथ सिंह तथा उनके पुत्र वरिष्ठ पत्रकार स्व. वेद प्रकाश सिंह लल्ला की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को विंध्य मैरिज लॉन में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, पौध वितरण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया। चिकित्सा शिविर में जनपद के विभिन्न रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ. बीके चौहान ने 170, डॉ. चंद्रमोहन ने 65, डॉ. एन. यादव ने 142, डॉ. संतोष सिंह ने 259, डॉ. अंकित राज सिंह ने 285 तथा नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप ने 137 मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान करीब 1058 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों का वितरण भी किया गया। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू विश्वनाथ सिंह एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व. वेद प्रकाश सिंह लल्ला की प्रतिमाओं पर उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी की जंग में सक्रिय भूमिका निभाकर विश्वनाथ सिंह ने इस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने कहा कि एक ही गांव की माटी में जन्मी इन दोनों विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, जिस पर क्षेत्रवासियों को गर्व है। पूर्व विधायक स्व. विश्वनाथ सिंह के बड़े पुत्र एवं स्व. वेद प्रकाश सिंह लल्ला के बड़े भाई जयप्रकाश सिंह ने भावुक होकर कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान उनके पिता के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने मिलकर उस पुल को तोड़ दिया था, जिसके रास्ते से अंग्रेजी सेना इस क्षेत्र में प्रवेश करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में विश्वनाथ सिंह का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। श्रद्धांजलि सभा को प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सिंह, विजय बहादुर सिंह, लेखक श्याम सुंदर सिंह, प्रणीत श्रीवास्तव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता मुस्तफाबाद के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सिंह ने तथा संचालन शिक्षक नेता कमलेश राय ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अलंकार सिंह कौशिक ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक स्व. लल्ला सिंह के पुत्र वर्षम प्रताप सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में वर्षम प्रताप सिंह ने उपस्थित सभी लोगों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि स्व. विश्वनाथ सिंह और स्व. वेद प्रकाश सिंह लल्ला की स्मृतियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, भाजपा नेता अखिलेश उर्फ गुड्डू मिश्र, जिला प्रोवेशन अधिकारी सुबोधकांत सिंह, पत्रकार डॉ. अरविंद सिंह, आलोक सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, शमशेर सिंह, जहानागंज ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया, सठियांव प्रमुख अरविंद सिंह, संजय राय, आनंद गुप्ता, कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह, डॉ. आलोक पांडेय, मीना सिंह, शगुन सिंह, वीरेंद्र सिंह, नीलेश सिंह, अब्दुल्ला, मोहन राव, सौरभ सिंह, राजेंद्र यादव, संजय पांडेय, सपा नेता शैलेन्द्र यादव, प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)