![]() |
| फोटो काल्पनिक |
4 माह पूर्व किया था प्रेम विवाह, पिता ने जताई हत्या की आशंका
आजमगढ़। पत्नी के साथ दिल्ली जाने के लिए ट्रेन से निकले मेंहनगर क्षेत्र के घटिया गांव निवासी प्रवीण उर्फ सोनू चौहान (25) की रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार देर रात शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता प्रकाश चौहान ने इसे सामान्य रेल दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या या किसी साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने शुक्रवार सुबह मेंहनगर थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। घटिया गांव निवासी प्रकाश चौहान का पुत्र प्रवीण उर्फ सोनू मंगलवार को अपनी पत्नी सोनी के साथ दिल्ली जाने के लिए आजमगढ़ से कैफियत एक्सप्रेस में सवार हुआ था। बताया गया कि लखनऊ से आगे ट्रेन यात्रा के दौरान किसी कारणवश उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी लखनऊ ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बृहस्पतिवार को परिजनों को सौंप दिया। देर रात शव गांव पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां शीला देवी और पिता प्रकाश चौहान का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रवीण पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। इसी वर्ष मई में उसने तरवां थाना क्षेत्र के भुवालपुर गांव निवासी रामजीत की पुत्री सोनी से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ ही महीने बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से दोनों परिवारों में शोक की लहर है। पिता प्रकाश चौहान का कहना है कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और पत्नी के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उन्होंने बेटे की मौत के पीछे किसी अनहोनी या साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मेंहनगर थाना प्रभारी अभिराज ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। घटना थाना क्षेत्र में नहीं हुई है, फिर भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









