निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने और परियोजना में विलंब का आरोप
आजमगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन बीएससी नर्सिंग कॉलेज परियोजना में अत्यधिक विलंब और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा न किए जाने के आरोप में राजकीय निर्माण निगम, आजमगढ़ के इकाई प्रभारी एस.सी. राय के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई राजकीय मेडिकल कॉलेज के कनिष्ठ सहायक दीपक सिंह की तहरीर पर की गई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से आच्छादित और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। शासन द्वारा वर्ष 2023 में लगभग 20.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति के बाद जनवरी 2024 से निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, जिसे डीपीआर के अनुसार अगस्त 2025 तक पूरा किया जाना था। हालांकि निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद परियोजना अभी तक पूर्ण नहीं हो सकी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते परियोजना की पूर्णता तिथि को बढ़ाकर दिसंबर 2026 कर दिया गया। साथ ही मौके पर पर्याप्त श्रमिकों की अनुपस्थिति और धीमी कार्यप्रणाली के कारण समयबद्ध ढंग से निर्माण पूरा होने की संभावना भी कम दिखाई दे रही है। इससे बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही गई है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि परियोजना में अनावश्यक विलंब के कारण शासन की मंशा के अनुरूप लाभ छात्रों तक नहीं पहुंच पा रहा है तथा सार्वजनिक धन के समयबद्ध उपयोग पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो रहा है। शिकायतकर्ता ने परियोजना की समय सीमा बढ़ाने और पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए इसे संदेहास्पद बताया है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









