त्रिस्तरीय जांच समिति ने किया चयन-नियुक्ति का परीक्षण, शेष कर्मियों के वेतन पर निर्णय की प्रक्रिया जारी
आजमगढ़। जनपद के अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियम विरुद्ध और अनियमित चयन-नियुक्ति के मामलों की जांच के लिए गठित त्रिस्तरीय समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए अभिलेखों के आधार पर कुल 77 शिक्षकों एवं कर्मचारियों का चयन/नियुक्ति सही पाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिलाधिकारी आजमगढ़ के आदेश संख्या 2417-23/2026-27, दिनांक 10 जून 2026 के तहत त्रिस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था। समिति ने संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के चयन एवं नियुक्ति से संबंधित अभिलेखों का विधिवत परीक्षण किया। परीक्षण के बाद कुल 77 शिक्षकों एवं कर्मचारियों का चयन/नियुक्ति अभिलेखों के आधार पर सही पाए जाने पर उनके वेतन भुगतान के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), आजमगढ़ को आदेशित किया जा चुका है। वहीं, शेष कर्मियों के वेतन भुगतान के संबंध में अलग से निर्णय लेने की प्रक्रिया चल रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि संबंधित कार्यवाही पूरी होते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित कर दी जाएगी।









