देर रात हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम
रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पलटू गांव में बृहस्पतिवार देर रात जहरीले जंतु के काटने से पांच वर्षीय मासूम सिवान यादव की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया गया कि सिवान की मां पूजा यादव पिछले करीब दो महीने से अपने मायके में रह रही थीं। शुक्रवार को उसके पिता राम प्रसाद यादव पत्नी और बच्चों को घर लाने वाले थे। इसी बीच शुक्रवार भोर करीब पांच बजे परिजनों को सूचना मिली कि सिवान को किसी जहरीले जंतु ने काट लिया है। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल ननिहाल पहुंचे और मासूम को उपचार के लिए ठेकमा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए लालगंज स्थित 100 शैया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन सिवान को लेकर लालगंज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम का शव परिजन घर ले आए और बाद में जौनपुर स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। सिवान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो वर्षीय एक बहन भी है। बेटे की मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।









