आजमगढ़ : दो संदिग्ध मौतों से सनसनी

Youth India Times
By -
0





दोनों मामलों में परिजनों ने जताई आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे; रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में रविवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक ओर लोहरा गांव में नहर किनारे एक मजदूर का शव मिला, वहीं बढ़या गांव निवासी युवक का शव बाजार के समीप पड़ा मिला। दोनों घटनाओं में परिजनों ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। लोहरा गांव निवासी रामलौट निषाद (45) पुत्र बैजनाथ निषाद रविवार रात करीब आठ बजे घर से शौच के लिए गांव के पास स्थित नहर पुलिया की ओर गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव नहर किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी शशिकला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति रात में शौच के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। तलाश के दौरान उनका शव मिला। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मृतक के साले निशीलेश निषाद, निवासी लेदौरा, ने आरोप लगाया कि किसी ने रामलौट की हत्या कर शव नहर किनारे फेंक दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार रामलौट अपने पीछे पत्नी, छह पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी दूसरी बेटी पूजा गंभीर रूप से बीमार है और उसका इलाज आजमगढ़ में चल रहा है। घटना के समय पत्नी भी बेटी के इलाज के सिलसिले में अस्पताल गई हुई थीं। इसी थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी दिनेश उर्फ रिंशु (35) पुत्र कोमल रविवार को घर से बाजार में सामान खरीदने के लिए निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बाजार के समीप उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता, 12 वर्षीय पुत्र मंगेश, सात वर्षीय पुत्री खुशी तथा पांच वर्षीय पुत्र अंकुश को छोड़ गए हैं। पति की मौत के बाद पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि दिनेश घर पर भोजन करने के बाद बाजार गए थे, लेकिन कुछ देर बाद उनके निधन की सूचना मिली। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि दोनों मामलों में परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)