बूथ समिति, पन्ना प्रमुखों के कार्यों की समीक्षा के साथ चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्ययोजना पर हुई विस्तृत चर्चा
रिपोर्ट: अबुल कैश
मुहम्मदपुर (आजमगढ़), 06 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मण्डल मुहम्मदपुर की मासिक बैठक सोमवार को ब्लॉक मुहम्मदपुर के सभागार में मण्डल अध्यक्ष मनीष राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला कार्यसमिति सदस्य अशोक कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी भी साझा की।
बैठक का संचालन मण्डल महामंत्री अरविन्द यादव उर्फ पिंटू ने किया। इस दौरान आगामी चुनावों की रणनीति, बूथ समिति एवं पन्ना प्रमुखों के कार्यों की समीक्षा, संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा संगठन की ओर से सभी मण्डल पदाधिकारियों, शक्ति केन्द्र संयोजकों, शक्ति केन्द्र प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया गया। बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों की समीक्षा करना तथा चुनावी तैयारियों को गति देना रहा।
इस अवसर पर मण्डल महामंत्री अंकित चौहान, आईटी प्रभारी अबुल कैश फैजी, पिछड़ा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष लालबहादुर मौर्य, अरुण चौहान, उपाध्यक्ष उग्रसेन चौहान, पूर्व मण्डल अध्यक्ष रमेश मधुकर, संतोष सेठ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

