आजमगढ़ : निजी चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, महिला की हुई मौत

Youth India Times
By -
0

 




गांव में तनाव का माहौल, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा
आजमगढ़। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के सदरपुर कैथोली गांव में एक महिला की इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ने और अस्पताल ले जाते समय मौत हो जाने के बाद परिजनों ने निजी चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, सदरपुर कैथोली गांव निवासी जैसलाल गौतम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी नीलम देवी (40) की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें गांव में ही चिकित्सालय संचालित कर रहे एक निजी चिकित्सक के पास उपचार के लिए ले गए। आरोप है कि चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद नीलम देवी की हालत और गंभीर हो गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए शाहगंज अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने निजी चिकित्सक पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राम बहादुर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राम बहादुर यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)